KEY LINE TIMES/NIRMAL JAIN
देवनगर घटना को लेकर कल से से चल रहा था धरना, पुलिस-ग्रामीणों के बीच सकारात्मक बातचीत के बाद बनी सहमति
बालेसर। ग्राम पंचायत देवनगर में 11 सितंबर को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ से ग्रामीणों द्वारा सवाल-जवाब किए जाने के बाद उपजे विवाद को लेकर बालेसर थाने के बाहर शुरू हुआ धरना शनिवार सुबह समाप्त हो गया। पुलिस द्वारा शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किए गए तीनों युवकों को भी रिहा कर दिया गया।
गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस, भाजपा, आरएलपी सहित विभिन्न दलों के नेताओं एवं ग्रामीणों ने शुक्रवार रात से बालेसर पुलिस थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया था। शनिवार सुबह डीएसपी राजेंद्र सिंह उज्जवल, थानाधिकारी भंवरलाल जेवलिया सहित पुलिस अधिकारियों ने धरनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से बातचीत की।



इस दौरान कांग्रेस नेता विक्रम सिंह इंदा, भाजपा नेता सवाई सिंह इंदा, आरएलपी नेता सतीश सिंह राजपुरोहित, पूर्व सरपंच अशोक प्रजापत, भाजपा नेता जबराराम प्रजापत, कांग्रेस नेता डूंगरराम प्रजापत, राजेश बोरावट सहित कई नेता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बातचीत में आगे किसी भी प्रकार का झूठा मामला दर्ज नहीं करने के आश्वासन एवं गिरफ्तार युवकों की रिहाई के बाद धरना समाप्त करने पर सहमति बनी।
धरना समाप्त होने के बाद नेताओं ने इसे जनता की जीत बताया, जबकि कुछ नेताओं ने इसे सरकार की हार करार दिया। फिलहाल मामले के बाद क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

बालेसर में धरना समाप्त, गिरफ्तार तीनों युवक रिहा
ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान करंट की चपेट में आईं दो गायें, वार्ड 19 में हादसा 