
Paras jain, Reporter all india
Key Line Times
बागपत। लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि हर पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने से आती है। इसी सोच के साथ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने बागपत में मतदाता जागरूकता और पंजीकरण को व्यापक जनअभियान का रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। अब स्कूल-कॉलेजों से लेकर गांवों, कस्बों, औद्योगिक इकाइयों और आवासीय सोसाइटियों तक मतदाता बनने का संदेश पहुंचेगा। अभियान का खास फोकस पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और उन महिलाओं पर रहेगा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है।
विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। इसमें स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने और पात्र युवाओं के फॉर्म-6 भरवाने पर जोर दिया गया।
स्कूल-कॉलेज बनेंगे लोकतंत्र की पाठशाला-
जिले के कक्षा नौ और उससे ऊपर की कक्षाओं वाले शिक्षण संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) गठित कराए जाएंगे। पहले से बने क्लबों को सक्रिय किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में शनिवार और रविवार को तीन-तीन विद्यालयों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां होंगी। खासतौर पर 18 से 19 वर्ष के युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। ब्लॉकवार नोडल अधिकारी भी इसकी निगरानी करेंगे।
समूह सखियों के जिम्मे महिला मतदाताओं की कमान-
महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, एएनएम और एनआरएलएम की समूह सखियों को जिम्मेदारी दी गई है। ये कार्यकर्ता घर-घर जाकर ऐसी पात्र महिलाओं को चिन्हित करेंगी, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उनका फॉर्म-6 भरवाने के साथ पंजीकरण की स्थिति का सत्यापन भी कराया जाएगा।
व्यापारी से श्रमिक तक अभियान से जुड़ेंगे –
डीएम की कार्ययोजना में औद्योगिक संस्थानों, व्यापार संगठनों, अधिवक्ता संघों, चिकित्सक संगठनों, श्रमिक संघों और आरडब्ल्यूए को भी शामिल किया गया है। औद्योगिक परिसरों, न्यायालयों, अस्पतालों और आवासीय सोसाइटियों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ग्राम प्रधानों, पार्षदों और समाजसेवियों की मदद से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में छूटे हुए मतदाताओं की पहचान होगी।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा, नवंबर में विशेष शिविर –
पात्र नागरिक voters.eci.gov.in पोर्टल और ECINET ऐप के जरिए फॉर्म-6 भर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन में परेशानी होने पर बूथ पर ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी रहेगी। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं।
डीएम दिव्यांशु पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साफ है कि बागपत में इस बार मतदाता जागरूकता की मुहिम को प्रशासनिक कार्यक्रम से आगे बढ़ाकर जनभागीदारी का अभियान बनाने की तैयारी है।
डीएम ने वीडियो जारी कर की अपील –
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने वीडियो संदेश जारी कर जनपदवासियों से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता बनना जरूरी है। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा अपना पंजीकरण अवश्य कराएं और जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। डीएम ने युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

