
Paras Jain,Reporter all india
Key line times
बागपत, बागपत में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने खेकड़ा स्टेडियम के विकास की पहल तेज कर दी है। स्टेडियम को केवल खेल मैदान तक सीमित रखने के बजाय आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल परिसर के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल को आधार बनाया जा रहा है। योजना परवान चढ़ी तो खेकड़ा के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसी कड़ी में गुरुवार को डीएम दिव्यांशु पटेल ने खेकड़ा स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का जायजा लेने के साथ ही स्टेडियम के विकास की संभावनाओं को परखा। निरीक्षण के दौरान उनका जोर इस बात पर रहा कि स्टेडियम का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न रहे, बल्कि सुविधाएं सीधे खिलाड़ियों की जरूरतों से जुड़ी हों। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और प्रस्तावित कार्यों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। स्टेडियम की प्रस्तावित विकास योजना में शूटिंग रेंज का निर्माण प्रमुख आकर्षण होगा। इसके अलावा खेल मैदान और ट्रैक को बेहतर बनाने, टीन शेड विकसित करने तथा खिलाड़ियों के लिए ग्रीन रूम और वाशरूम जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। इन व्यवस्थाओं से खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान अधिक सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।
डीएम दिव्यांशु पटेल की इस पहल का उद्देश्य खेकड़ा स्टेडियम को ऐसी खेल सुविधा के रूप में विकसित करना है, जहां स्थानीय युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास के अवसर मिलें। पीपीपी मॉडल के जरिए स्टेडियम के विकास के साथ उसके संचालन और रखरखाव को भी व्यवस्थित बनाने की योजना है। दरअसल, ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन बेहतर खेल संसाधनों के अभाव में कई खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में खेकड़ा स्टेडियम का प्रस्तावित विकास बागपत के खेल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

