🌸 *अहंकार छोड़ना सभी के लिए हितकर : अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण

Surendra Munot Associate Editor all india
Key Line Times
लाडनूं ,तेरापंथ की राजधानी में स्थित जैन विश्व भारती के सुरम्य परिसर में विराजमान जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशमाधिशास्ता, अणुव्रत अनुशास्ता की मंगल सन्निधि में शनिवार को मुख्य प्रवचन कार्यक्रम के दौरान 77वें अणुव्रत अधिवेशन का मंचीय उपक्रम रहा। इसके साथ ही आचार्यश्री की मंगल सन्निधि में उपस्थित राजस्थान सरकार के शिक्षामंत्री श्री मदन दिलावर ने भी अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करते हुए आचार्यश्री से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। आचार्यश्री ने अधिवेशन के सन्दर्भ में उपस्थित लोगों को पावन पाथेय प्रदान किया।
मुख्य प्रवचन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चतुर्विध धर्मसंघ को आज के निर्धारित विषय के माध्यम से पावन प्रतिबोध प्रदान करते हुए कहा कि जब व्यक्ति को जीवन में थोड़ा कुछ विशेष मिल जाता है, तो उसमें घमंड आ जाता है और वह स्वयं को वास्तविकता से कहीं अधिक बड़ा मानने लगता है। वह चाहता है कि दूसरों को यह पता चले कि उसके पास कितना धन या कितना ज्ञान है। ज्ञान होने पर भी मौन रहना और अपनी विद्वत्ता का अनावश्यक प्रदर्शन न करना ही वास्तविक बड़प्पन है। इसी प्रकार, शक्ति होने पर भी क्षमा कर देना और दान या त्याग करने के पश्चात अपनी प्रशंसा या नाम की आकांक्षा न रखना महानता का लक्षण है।
व्यक्ति को धन, ज्ञान या सत्ता का घमंड हो सकता है। धनवान व्यक्ति को तीन बातों का ध्यान रखना चाहिए। पहला कि वह पैसे का घमंड न करे, गलत कार्यों में पैसे का दुरुपयोग न करे और पैसे के प्रति अत्यधिक आसक्ति या मोह का भाव न रखे। इसी तरह यदि ज्ञान प्राप्त हुआ है, तो उसका उपयोग स्वयं के जीवन निर्माण और दूसरों को ज्ञान देने में होना चाहिए। यदि किसी को सत्ता या पद प्राप्त हुआ है, तो उसे यह समझना चाहिए कि सत्ता सेवा के लिए मिली है, उसका सदुपयोग जनसेवा में करना चाहिए। मान पर विजय प्राप्त करने से तीन बड़े लाभ होते हैं। पहला व्यक्ति के स्वभाव और व्यवहार में मार्दव यानी मृदुता और कोमलता उत्पन्न होती है। दूसरा वह मान रूपी पाप कर्म के नए बंधन से बच जाता है। तीसरा, उसकी इस साधना से पूर्व में बंधे हुए मान कर्मों की निर्जरा हो जाती है। इस प्रकार अहंकार को छोड़ना सभी के लिए हितकर हो सकता है। आचार्यश्री ने प्रवचन के दौरान साध्वीवर्याजी के जन्मदिवस के सन्दर्भ में मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। आचार्यश्री ने राजस्थान सरकार के शिक्षामंत्रीजी को मंगल आशीष प्रदान किया।
राजस्थान सरकार के शिक्षामंत्री श्री मदन दिलावर ने भी अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करते हुए कहा कि मैं पूज्य गुरुदेव के दर्शन को उपस्थित हुआ हूं, लेकिन आपकी प्रेरणा रूपी प्रसाद पाकर धन्य हो गया।
आचार्यश्री की मंगल सन्निधि में 77वें अणुव्रत अधिवेशन का मंचीय उपक्रम रहा। इस सन्दर्भ में अणुव्रत विश्वभारती सोसायटी के अध्यक्ष श्री प्रतापसिंह दूगड़, प्रबन्ध न्यासी श्री तेजकरण सुराणा तथा राजस्थान के शिक्षामंत्रीजी ने भी अपनी अभिव्यक्ति दी। अणुव्रत कार्यकर्ताओं को युवाचार्यश्री महावीरकुमारजी ने भी उद्बोधित किया। आचार्यश्री ने इस सन्दर्भ में मंगल प्रेरणा प्रदान की। इस कार्यक्रम का संचालन अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के महामंत्री श्री मनोज सिंघवी ने किया।

