
Surendra Munot Associate Editor all india
Key Line Times
लाडनूं ,जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशमाधिशास्ता, भगवान महावीर के प्रतिनिधि, अखण्ड परिव्राजक, युगप्रधान अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी, युवाचार्यश्री व साध्वीप्रमुखाजी सहित आदि साधु-साध्वियों के साथ बुधवार को मुख्य प्रवचन कार्यक्रम के उपरान्त सायं करीब तीन बजे के आसपास जैन विश्व भारती परिसर से लाडनूं नगर की ओर गतिमान हुए तो मानों श्रद्धा का ज्वार उमड़ आया। आचार्यश्री सर्वप्रथम लाडनूं नगर स्थित सेवामंदिर में पधारे। वहां साध्वियों को दर्शन देने के उपरान्त रात्रि प्रवास के लिए लाडनूं नगर में ही स्थित श्री सुरेन्द्र चोरड़िया के निवास स्थान में पधारे। अपने आराध्य को अपने आंगन में पाकर चोरड़िया परिवार धन्यता की अनुभूति कर रहा था।
ज्ञातव्य है कि युगप्रधान अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी तेरापंथ धर्मसंघ के दूसरे योगक्षेम वर्ष के लिए 6 फरवरी 2026 को जैन विश्व भारती में महामंगल प्रवेश किया था। हालांकि यह महामंगल प्रवास अभी भी गतिमान है, किन्तु चतुर्मास की सम्पन्नता के संदर्भ में आचार्यश्री ने करीब 292 दिन और रात्रि का प्रवास करने के उपरान्त जैन विश्व भारती परिसर से रात्रि प्रवास के लिए पधारे हैं। आचार्यश्री गत तीन रात्रि का प्रवास लाडनूं नगर में करेंगे। हालांकि प्रतिदिन के मुख्य मंगल प्रवचन कार्यक्रम जैन विश्व भारती परिसर में स्थित सुधर्मा सभा में ही आयोजित होंगे।
इससे पूर्व बुधवार को सुधर्मा सभा में आयोजित प्रातःकालीन मुख्य मंगल प्रवचन कार्यक्रम में उपस्थित चतुर्विध धर्मसंघ को महातपस्वी आचार्यश्री महाश्रमणजी ने आज के निर्धारित विषय ‘संलीनता तप’ को आगम के माध्यम से व्याख्यायित करते हुए कहा कि साधुचर्या के अनुसार एक वर्ष को दो कालखण्डों में बांटा जा सकता है। एक चतुर्मास का कालखण्ड और दूसरा शेषकाल का समय। चतुर्मास में कुछ प्रतिबद्धता भी होती है। चतुर्मासकाल के दौरान चतुर्मास क्षेत्र की सीमा से बाहर जाकर अन्यत्र प्रवास नहीं करना, वस्त्र आदि नहीं जांचना होता है। चतुर्मास में सामान्यतया विहार आदि का क्रम बंद ही रहता है। आज से योगक्षेम वर्ष का तीसरा कालखण्ड प्रारम्भ हो गया है। मान्यता के अनुसार मार्गशीर्ष एकम को एक बार विहार कर देना चाहिए। आज मेरा सहज ही विहार निर्धारित है। प्रवचन तो यही होगा, लेकिन रात्रि प्रवास बाहर ही होगा। यह जैन शासन की विहारचर्या है। आज से विहार का रास्ता खुल गया है। विहार करने वाले साधु-साध्वियां खूब धर्मोपकार करते रहें।
साधु संयम और तप का विकास करे। अहंकार, मान, माया और लोभ से बचने का प्रयास करना चाहिए। संयम और तप में रहने का प्रयास करना चाहिए। मंगल प्रवचन के उपरान्त साध्वी दक्षप्रभाजी ने आचार्यश्री से नौ दिन की तपस्या का प्रत्याख्यान किया।
आचार्यश्री ने जैन विश्व भारती, पारमार्थिक शिक्षण संस्थान, अमृतायन, अमृतवाणी, योगक्षेम वर्ष प्रवास व्यवस्था समिति के पदाधिकारियों आदि से शेषकाल में भी प्रवास करने की अनुमति ली तो उपस्थित पदाधिकारी कृतज्ञता की अनुभूति कर रहे थे।
नेपाल के पूर्व गृहमंत्री श्री रमेश लेखक ने आचार्यश्री के दर्शन कर अपनी भावनाओं को अभिव्यक्ति दी तो आचार्यश्री ने उन्हें मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

