
Surendra Munot Associate Editor all india
Key Line Times
कोलकाता।,कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्मनगरी कोलकाता में विराजमान आचार्य श्री वसुनंदी जी महामुनिराज ससंघ के पावन आशीर्वाद से 200 वर्षों से भी अधिक समय से निकाली जा रही ऐतिहासिक एवं भव्य श्री दिगम्बर जैन पार्श्वनाथ शोभायात्रा मंगलवार को अत्यंत हर्षोल्लास, भक्तिभाव एवं धार्मिक उत्साह के साथ निकाली गई।*
*यह विशाल शोभायात्रा प्रातः 11 बजे बड़ाबाजार स्थित श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर जी से गाजे-बाजे एवं धार्मिक जयघोष के साथ प्रारंभ हुई तथा सायं लगभग 4 बजे बेलगछिया स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन उपवन मंदिर पहुंची।*
*इस ऐतिहासिक शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रथ पर विराजमान तीर्थंकर भगवान वासुपूज्य की पावन प्रतिमा रही। श्रद्धालु श्रावकगण अत्यंत भक्तिभाव से स्वयं रथ को खींचकर ले जाते हैं। यद्यपि रथ पर भगवान वासुपूज्य विराजमान होते हैं, लेकिन शोभायात्रा का नाम भगवान पार्श्वनाथ के नाम से प्रसिद्ध है।*
*शोभायात्रा में जैन धर्म के तीर्थंकरों के पंचकल्याणक—गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान एवं मोक्ष सहित अनेक धार्मिक एवं ऐतिहासिक प्रसंगों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इनमें माता के 16 स्वप्न, ऐरावत हाथी, 1008 मंगल कलश, इंद्रध्वज, संसार दर्शन, तपश्चरण एवं उपसर्ग सहन जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।*
*शोभायात्रा के दौरान विभिन्न जैन संस्थाओं एवं विद्यालयों की भजन मंडलियों ने मधुर भजनों एवं धार्मिक गीतों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गणेश टॉकीज क्षेत्र में विराट सामूहिक आरती का आयोजन हुआ, जहां श्री दिगम्बर जैन अग्रवाल समाज द्वारा भगवान श्रीजी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।*
*इस शोभायात्रा की विशेषता यह रही कि इसमें केवल जैन समाज ही नहीं, बल्कि अन्य धर्मों के श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारिक समुदाय ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग का भी सराहनीय सहयोग रहा। यह आयोजन कोलकाता की धार्मिक सद्भावना, सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक विरासत का अनुपम उदाहरण बना।*
*बेलगछिया स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन उपवन मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए साधर्मी वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। परंपरानुसार मार्गशीर्ष कृष्ण पंचमी के दिन यह शोभायात्रा समारोहपूर्वक पुनः अपने मूल स्थान पर लौटेगी।*
*शोभायात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में कोलकाता एवं बृहत्तर कोलकाता जैन समाज के समस्त सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।*
*यह ऐतिहासिक शोभायात्रा जैन धर्म की अहिंसा, त्याग, तपस्या एवं आध्यात्मिक चेतना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ कोलकाता की गौरवशाली धार्मिक परंपरा को निरंतर जीवंत बनाए हुए है।*

