
Paras Jain, Reporter all india
Key line times
बागपत। दिल्ली-एनसीआर से सटा होने के बावजूद विकास और राजस्व कार्यों की रैंकिंग में लंबे समय तक अपेक्षित मुकाम हासिल करने के लिए संघर्ष करता रहा बागपत अब नई पहचान की ओर बढ़ रहा है। प्रशासनिक कार्यशैली में बदलाव, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और योजनाओं की लगातार निगरानी का असर अब प्रदेश स्तरीय आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल के नेतृत्व में बागपत ने अक्टूबर माह की प्रदेश स्तरीय राजस्व एवं विकास कार्यों की रैंकिंग में छठा स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।
खास बात यह है कि राजस्व कार्यों में बागपत की स्थिति पहले अक्सर प्रदेश में 30वीं रैंक से भी नीचे रहती थी। ऐसे में जिले का छठे स्थान तक पहुंचना प्रशासनिक कार्यप्रणाली में आए बदलाव और जिलाधिकारी के प्रयासों का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। दिव्यांशु पटेल ने जिले की कमियों को दूर करने के साथ ही अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा पर विशेष जोर दिया है। मुरादाबाद में नगर आयुक्त के रूप में अपनी कार्यशैली और विकास संबंधी प्रयासों को लेकर पहचान बना चुके आईएएस अधिकारी दिव्यांशु पटेल का बागपत स्थानांतरण के बाद से ही प्रशासनिक कामकाज को गति देने पर फोकस रहा है। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने, राजस्व मामलों के निस्तारण, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए अधिकारियों को सक्रिय किया। इसका सकारात्मक परिणाम अब रैंकिंग में सामने आया है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे पूरी टीम की मेहनत और बेहतर तालमेल का परिणाम बताया। हालांकि उन्होंने इस उपलब्धि को अंतिम मंजिल नहीं माना है। डीएम ने अगली रैंकिंग में बागपत को प्रदेश के टॉप-3 जिलों में पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि छठे स्थान से आगे बढ़ते हुए दिव्यांशु पटेल के नेतृत्व में बागपत टॉप-3 में अपनी जगह बना पाता है या नहीं।

