

डीएम व महापौर ने भूतेश्वर तिराहे का लोकार्पण किया, भगवान शिव के प्रतीक चिन्हों का हुआ भव्य प्रदर्शन
रिपोर्ट: गिर्राज सिंह
ब्यूरो चीफ मथुरा
की लाइन टाइम्स
मथुरा : जिलाधिकारी पुलकित खरे एवं माननीय महापौर विनोद कुमार अग्रवाल ने मथुरा के प्रसिद्ध भूतेश्वर तिराहा पर बने भगवान शिव जी के प्रतीक चिन्हों का पावन सावन के सोमवार को लोकार्पण किया। बदले हुए भूतेश्वर तिराहे के स्वरूप की लोगों ने प्रशंसा की और कहा कि ये भगवान शिव जी के प्रतीक चिन्ह इस तिराहे के नाम को परिपूर्ण करता है। यह खूबसूरत स्ट्रक्चर लोगों को इस चौराहे की विशेषता से रूबरू कराएगा।
जिलाधिकारी पुलकित खरे ने भूतेश्वर तिराहा का सौंदर्यीकरण श्री महेश चंद्र बघेल पुत्र स्व0 नत्थीलाल बघेल निवासी वृंदावन के सहयोग से करवाया है। श्री महेश चंद्र बघेल जी अपने स्व0 पिता जी की स्मृति में 15 लाख रुपए की अपनी स्वेच्छा से इस तिराहा का सौंदर्यीकरण करवाया है। उक्त कार्य लगभग 02 महीने में पूर्ण किया गया है। तिराहे पर स्पेशल लाइटिंग की गई है एवं फसाड़ लाइटिंग से सुसज्जित किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि तिराहे का सौंदर्यीकरण जनपद व तिराहे को और आकर्षित बनाता है एवं इससे तिराहे को एक नई पहचान मिलेगी। शहर की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बना भूतेश्वर तिराहा। अब आप मथुरा के भूतेश्वर तिराहा पर आएंगे तो भगवान भोलेनाथ के प्रतीक चिन्हों से रुबरु होंगे। भूतेश्वर तिराहे पर भगवान भोलेनाथ जी के प्रतीक चिन्हों का प्रदर्शन किया गया है, जिसमें डमरू, त्रिशूल, नाग, अर्द्धचंद्र आदि को शामिल किया गया है। विशाल चिन्ह तिराहे को एक नया स्वरूप देने का कार्य कर रहा है। इससे तिराहे की सुंदरता बढ़ी है।
जिलाधिकारी ने उद्घाटन करते हुए जानकारी दी कि भूतेश्वर महादेव जी शहर के कोतवाल कहलाते है और यहां दर्शन करने से केदारनाथ जी जैसा फल मिलता है, ऐसी इस भूतेश्वर महादेव जी की मान्यता है। भूतेश्वर महादेव जी को लेकर कई तरह की पौराणिक मान्यताएं भी हैं। मंदिर में समय-समय पर भगवान शंकर जी ने विभिन्न रूप धारण कर अपने प्रिय आराध्य श्री कृष्ण की लीलाओं का दिव्यदर्शन किया था।
कान्हा की नगरी मथुरा भी शिवमयी हो गई है। भूतेश्वर महादेव मथुरा कृष्ण जन्मभूमि के दक्षिण में महादेव जी का मन्दिर है। इसमें ऐतिहासिक शिवलिंग एवं पाताल देवी के विग्रह हैं। भूतेश्वर महादेव का शिवलिंग नाग शासकों द्वारा स्थापित किया गया। भूतेश्वर महादेव जी मथुरा के रक्षक सुप्रसिद्ध चार महादेवों में पश्चिम दिशा के क्षेत्रपाल माने जाते हैं। डीएम ने कहा कि ब्रज की संस्कृति और विरासत अक्षुण्य रहे, इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विकास कार्यों का खाका तैयार किया जा रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम में माननीय महापौर विनोद कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय, नगर आयुक्त अनुनय झा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय शंकर दूबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानंद पांडेय, अपर नगर आयुक्त क्रांति शेखर सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ध्रुव खादिया, नगर मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे, पुलिस अधीक्षक यातायात देवेश शर्मा, सीओ सिटी अभिषेक तिवारी आदि मौजूद रहे।



