
PARAS Jain Associate Editor all india
Key Line Times
बागपत,बड़ौत, दीपावली के पर्व को खास बनाने और महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से चंदनबाला बहुमंडल के तत्वावधान में बड़ौत के जैन स्थानक, संजय मूर्ति के निकट भव्य दिवाली मेले का आयोजन किया गया। जैन समाज की ओर से जैन स्थानक में पहली बार आयोजित इस मेले में 30 से अधिक आकर्षक स्टॉल लगाए गए। मेले में सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। महिलाओं और परिवारों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की तथा दीपावली की खुशियों को साझा किया।
मेले में दीपावली से संबंधित सजावटी सामान, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, आकर्षक लटकन, झालर, आकर्षक दिये, लाइट के सामान, फैंसी कपड़े, लेडीज सूट, महिलाओं के श्रृंगार एवं दैनिक उपयोग की विभिन्न वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए। स्टॉलों पर एक से बढ़कर एक वैरायटी, नए डिजाइन और आकर्षक सामान देखने को मिले। किफायती कीमतों पर उपलब्ध वस्तुओं ने लोगों को खूब आकर्षित किया। शहर के जैन समाज के परिवार बड़ी संख्या में मेले में पहुंचे और विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी करते नजर आए। मेले में स्टॉल संचालकों को भी अच्छी बिक्री की उम्मीद रही।
आयोजन से पूर्व जैन स्थानक में विराजमान जैन साध्वी सुप्रज्ञा जी महाराज आदि ठाणा ससंघ ने मंगल पाठ प्रदान कर सभी को आशीर्वाद दिया। साधु-संतों के मंगल आशीर्वाद के बाद महिलाओं ने अपने-अपने स्टॉलों पर पहुंचकर मेले का शुभारंभ किया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और दीपावली की रौनक देखने को मिली। मेले की खास बात यह रही कि प्रत्येक घंटे खरीदारी करने वाले लोगों को एक आकर्षक लकी ड्रॉ कूपन दिया गया तथा हर घंटे लकी ड्रॉ निकाला गया। इससे मेले में पहुंचे लोगों का उत्साह और बढ़ गया। लकी ड्रॉ को लेकर भी लोगों में खास आकर्षण देखने को मिला। जैन स्थानक के अध्यक्ष घसीट्टूमल ने बताया कि चंदनबाला बहु मंडल द्वारा जैन स्थानक में पहली बार इस तरह के भव्य दिवाली मेले का आयोजन किया गया है। महिलाओं की सहभागिता और उत्साह सराहनीय है। इस आयोजन से महिलाओं को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मेले में स्टॉल लगाने वाली महिलाओं की अच्छी बिक्री होगी और भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे। मेले में स्टॉल लगाने वाली महिलाओं में शिल्पी जैन, विधि जैन, प्रज्ञा जैन, पारुल जैन, ईशा जैन, सोनाली, रेणुका, अक्षरा जैन, स्वाति, विदुषी जैन सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं। भव्य दिवाली मेले ने बड़ौत में दीपावली के उत्सव को नई रौनक प्रदान की।

शेरगढ़ विधायक सेवा केंद्र पर नवनिर्वाचित सरपंचों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन 