KEY LINE TIMES/ NIRMAL JAIN
बालोतरा। तहसील कल्याणपुर में जमीनों के सर्वे-री सर्वे एवं सेटलमेंट से जुड़े मामलों को लेकर भारतीय किसान संघ जिला युवा प्रमुख बालोतरा दिलीप शर्मा बलाऊ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में जिला कलक्टर बालोतरा की ओर से शासन को भेजे गए पत्र का हवाला देते हुए कल्याणपुर तहसील में पुनः सर्वे-री सर्वे कराने अथवा हाल ही में किए गए सेटलमेंट को निरस्त करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन के साथ जिला कलक्टर कार्यालय बालोतरा द्वारा शासन उप सचिव, राजस्व विभाग को भेजे गए पत्र का भी उल्लेख किया गया। जिला कलक्टर के पत्र में बताया गया है कि कल्याणपुर तहसील के 99 गांवों में डिजिटल सर्वे/री-सर्वे का कार्य बंद घोषित किया जा चुका है। इसके बाद ई-धरती पोर्टल पर नक्शे एवं जमाबंदी अपलोड होने पर खातेदारों द्वारा रिकॉर्ड में त्रुटियों को लेकर बड़ी संख्या में परिवाद प्रस्तुत किए गए हैं। पत्र में करीब 650 परिवाद प्राप्त होने का उल्लेख है।
दिलीप शर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष किसानों की भूमि के रिकॉर्ड में हुई कथित त्रुटियों, नक्शों एवं जमाबंदी में सुधार तथा सर्वे-री सर्वे से संबंधित मामलों का शीघ्र समाधान करवाने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय की 22 सितंबर की आधिकारिक जानकारी में भी जनसेवा अभियानों के दौरान आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और लंबित प्रकरणों के समाधान पर अधिकारियों को निर्देश दिए जाने की बात कही गई है।
दिलीप शर्मा ने बताया कि किसानों की भूमि एवं राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच कर वास्तविक रिकॉर्ड के आधार पर समाधान होना चाहिए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बालेसर नगर पालिका अध्यक्ष पद की तस्वीर साफ
बालेसर नगर पालिका के पहले चुनाव में भाजपा का दबदबा, 15 सीटों पर जीत
सर्वे-री सर्वे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मिले दिलीप शर्मा, कार्यवाही का मिला आश्वासन 