मदा राम,जिला संवाददाता
Key Line Times
शेरगढ़। ग्राम पंचायत सोइन्तरा की मतदाता सूची में कथित हेरफेर को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नवीन ग्राम पंचायत भैरनगर के राजस्व गांव रघुनाथपुरा व वीरमपुरा के 60 से 70 मतदाताओं को बिना स्पष्ट सरकारी दिशा-निर्देश और आवश्यक दस्तावेजों की पुष्टि के सोइन्तरा ग्राम पंचायत में जोड़ दिया गया। ग्रामीण इसे सुनियोजित हस्तक्षेप बताते हुए राजनीतिक दबाव और प्रशासनिक लापरवाही की आशंका जता रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब नवीन ग्राम पंचायत भैरनगर का गठन हुआ था तब करीब 1600 की आबादी के आधार पर पंचायत बनाई गई थी और मतदाताओं की संख्या 1000 से अधिक थी। लेकिन अब मतदाता संख्या घटकर 941 रह जाना पूरे पंचायत गठन की प्रक्रिया और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वोटरों की इस अदला-बदली से पंचायत की मूल संरचना और प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।
इस मामले को लेकर कोऑपरेटिव अध्यक्ष भीख सिंह, पंचायत समिति सदस्य विक्रमसिंह, शैतानसिंह, भूपेंद्र सिंह, सवाई सिंह, रानुसिंह, महेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सियाग और प्रताप लीलावत सहित कई ग्रामीणों ने एसडीएम विक्रांत शर्मा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी दूर नहीं की गई तो वे उच्च स्तर पर शिकायत और आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
मामले को गंभीर मानते हुए एसडीएम ने जांच कर त्रुटियां सुधारने का आश्वासन दिया है। उपखंड प्रशासन ने तहसीलदार और विकास अधिकारी को पूरे प्रकरण की वास्तविकता की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
सबसे अहम बात यह है कि मतदाता सूची में संशोधन और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 7 फरवरी तय है। ऐसे में यदि निर्धारित समय सीमा में जांच पूरी नहीं हुई तो पंचायत चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठ सकते हैं।


