





प्रवचन बड़ौत 21.10.2023
संस्कार ही मानव जीवन का श्रृंगार- आचार्य विशुद्ध सागर
दिगम्बर जैनाचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी महाराज ने ऋषभ सभागार मे धर्मसभा में सम्बोधन करते हुए कहा कि-
जीवन में संस्कार बहुत आवश्यक हैं, संस्कारों के अभाव मे मनुष्य जीवन पशुवत् हो जाता है। संस्कार- विहीन मानव की दुर्दशा बिना बैल की गाड़ी के समान होती है। संस्कारों से ही मानव उन्नति और सुख-शांति को प्राप्त हो पाता है। संस्कारों से सुसज्जित मानव ही नैतिकतापूर्ण जीवन जी सकता है। संस्कारशील ही अनुशासन प्रिय हो सकता है और संस्कारवान ही दूसरों पर शासन कर सकता है। सु-संस्कार ही मानव-जीवन का श्रृंगार है।
जीव अनेकानेक भवों में शुभ-भावनायें भाता है, तब उसे श्रेष्ठ- नर भव प्राप्त होता है। कुंटलों फूलों से एक शीशी इत्र निकलता है ,ऐसे-ही अनेकों दिनों, घंटों की साधना करने पर क्षण-मात्र भावों की विशुद्धि बनती है। धन एकत्रित करना सरल है, धन से साधन जुटाये जा सकते हैं, पर साधना भावों से ही सम्भव है।
धन कुछ तो है, पर सबकुछ नहीं है। धन की चाह में धर्म मत छोडो। धन साथ नहीं जायेगा, धर्म ही साथ जायेगा। धर्म ही उत्तम है, धर्म ही शरण है, धर्म ही मंगल है और धर्म- ही सर्व-सुखों को देने वाला है। धर्म पूर्वक जीवन जियो, नैतिकता कभी मत छोड़ो।
गुरुवाणी सुनो, अपने जीवन में श्रेष्ठ-संस्कार प्राप्त करो। सु-संस्कारों से जीवन को अलंकृत करो। वर्तमान के संस्कार अगले-भव में भी जाग्रत हो जाते हैं। संतान को जन्म देने के साथ संस्कार भी प्रदान करो। सम्पत्ति की तरह संस्कारों की भी रक्षा करो। संस्कार श्रेष्ठ जीवन के आधार हैं। जो श्रेष्ठ संस्कारों से संस्कारित हो, वही संतान जनक-जननी की सेवा कर सकती है। संस्कारों से सम्पन्न मानव ही समाज, राष्ट्र की उन्नति कर सकता है। संस्कारों से ही मानव के कुल की पहचान होती है।
सभा का संचालन पंडित श्रेयांस जैन ने किया।सभा मे माननीय राज्यमंत्री श्री के पी मलिक ने चर्या शिरोमणि आध्यत्म योगी आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी गुरुदेव के दर्शन कर आचार्य श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।
मीडिया प्रभारी वरदान जैन ने बताया कि आज दीक्षार्थी भाइयो की गोद भराई और तिलक,नरेंद्र ज्वेलर्स, सुंदर लाल जैन मेडिकल वाले और संकल्प जैन के यहाँ संपन्न हुआ। 22 अक्टूबर को दीक्षार्थियो की गोद भराई श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन परमागम मन्दिर , मोहल्ला तीरगरान मे होगी।
वरदान जैन मीडिया प्रभारी




