
Surendra Munot Associate Editor all india
Key Line Times
लाडनूं ,शुक्रवार को प्रातःकाल जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ की राजधानी लाडनूं नगर में स्थित श्री सतीश घोड़ावत परिवार के निवास स्थान जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के ग्यारहवें अनुशास्ता, भगवान महावीर के प्रतिनिधि, अहिंसा यात्रा प्रणेता, युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी मुख्य मंगल प्रवचन कार्यक्रम के लिए जैन विश्व भारती परिसर में पधारे।
युगप्रधान अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी ने सुधर्मा सभा में उपस्थित चतुर्विध धर्मसंघ को आज के निर्धारित विषय ‘लघुता से प्रभुता मिले’ को आगम के माध्यम से व्याख्यायित करते हुए कहा कि आगम में आभ्यंतर तप का दूसरा प्रकार विनय को बताया गया है। हमारे जीवन का एक गुण विनयशीलता होती है। अहंकार, मान कषाय है और अहंकार के प्रतिपक्ष रूप में विनय होता है। मार्दव शब्द का भी प्रयोग किया जाता है। विनय का प्रयोग करने से मान वेदनीय कर्म का निर्जरण भी हो सकता है। विनय के सात प्रकार भी बताए गए हैं। ज्ञान के प्रति अहोभाव हो। ज्ञान प्राप्त करने की भी इच्छा हो। कोई ज्ञान का सम्मान न करे तो उसके पास ज्ञान भी क्यों रहे। ज्ञान और ज्ञानी के प्रति अहोभाव हो तो ज्ञान का विकास भी हो सकता है। ज्ञान के प्रति भक्ति का भाव भी रखने का प्रयास करना चाहिए। ज्ञान के प्रति विनय, सच्चाई के प्रति विनय और यथार्थ के प्रति भक्ति होना, बहुत अच्छी बात हो सकती है।
असातना, अवहेलना किसी की नहीं होनी चाहिए। कोई मंदिर जाए अथवा न जाए, पूजा करे अथवा न करे, लेकिन किसी का असातना नहीं होनी चाहिए। अपने से बड़ों के प्रति विनय का भाव रखने का प्रयास करना चाहिए। बड़ों को आसन देना भी विनय का भाव प्रदर्शित करने वाला होता है। अपने जीवन में निरंतर विनय भाव का विकास करने का प्रयास करना चाहिए।
न्यूजर्सी, ओरलैण्डो, मायामी, ह्यूस्टन आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। पूज्य सन्निधि में आज उनके प्रस्तुति का उपक्रम रहा। इस संदर्भ में न्यूजर्सी से पूज्य सन्निधि में उपस्थित श्री सुरेन्द्र कांकरिया ने अपनी भावाभिव्यक्ति दी। विभिन्न सेंटरों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गीत का भी संगान किया। जैन विश्व भारती, ओरलैण्डो के भूतपूर्व चेयरमेन श्री देवांग चितलिया, जैन विश्व भारती, मायामी के चेयरमैन श्री शशि जैन ने अपनी अभिव्यक्ति दी।
आचार्यश्री की मंगल सन्निधि में जैन विश्व भारती, लाडनूं द्वारा संघ सेवा पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस संदर्भ में जैन विश्व भारती की ओर से श्री ललितकुमार दूगड़ ने अपनी अभिव्यक्ति दी। श्री स्वतंत्र जैन को वर्ष 2026 का संघ सेवा पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार प्राप्तकर्ता श्री स्वतंत्र जैन ने आचार्यश्री के समक्ष अपने कृतज्ञ भाव अभिव्यक्त किए। समणी नियोजिका मधुरप्रज्ञाजी ने अपनी अभिव्यक्ति दी। तदुपरान्त साध्वीवर्याजी, साध्वीप्रमुखाजी व युवाचार्यश्री महावीरकुमारजी ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। आचार्यश्री ने इस संदर्भ में मंगल आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि योगक्षेम वर्ष के दौरान भारत से बाहर रहने वाले जैन विश्व भारती सेंटर्स से जुड़े हुए जैन लोगों का समवाय हुआ है, वह पहली बार हुआ है। यह अब तक का यह अपूर्व, अद्वितीय कार्यक्रम हो रहा है। समणियों के यात्राओं का कर्म वर्षों से चल रहा है। इससे वहां रहने वाले लोगों में अच्छे संस्कारों का निर्माण हो, यह अच्छी बात है। जाने वाले समणियों की व्यवस्था, सेवा से संदर्भित योगदान भी बहुत अच्छा है। खूब अच्छा काम चलता रहे, धार्मिक साधना चले, जो धार्मिक-आध्यात्मिक सेवा हो सके, करने की भावना बनी रहे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार युगप्रधान आचार्यश्री आज भी सायं तीन बजे जैन विश्व भारती परिसर से विहार कर लाडनूं नगर में स्थित श्री सुरेन्द्र चोरड़िया के निवास स्थान में पधारे, जहां आज का रात्रिकालीन प्रवास हुआ। यह अवसर प्राप्त कर चोरड़िया परिवार स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली महसूस कर रहा था।

