
सुरेंद्र मुनोत, ऐसोसिएट एडिटर
Key Line Times
कोलकाता,‘संस्था शिरोमणि’ जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा के तत्त्वावधान में तेरापंथी सभा-साउथ कलकत्ता द्वारा दक्षिण बंगाल स्तरीय बालक वर्ग के लिए आयोजित किए गए पंच दिवसीय संस्कार निर्माण शिविर का समापन समारोह रविवार (07.06.2026) को जोका में स्थित महावीर सेवा सदन में विराजमान युगप्रधान अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी के सुशिष्य मुनि जिनेशकुमारजी की सन्निधि में सुसम्पन्न हुआ।
पंच दिवसीय संस्कार निर्माण शिविर के समापन समारोह का शुभारम्भ शिविरार्थी बच्चों के मंगलाचरण से हुआ। तेरापंथी सभा-साउथ कोलकाता के अध्यक्ष श्री राजेश भूतोड़िया ने स्वागत वक्तव्य दिया। तदुपरान्त महासभा के महामंत्री श्री विनोद बैद ने शिविर के माध्यम से प्राप्त सुसंस्कारों को अपने जीवन में उतारने व उसके माध्यम से जीवन को अच्छा बनाने हेतु शिविरार्थियों को उत्प्रेरित किया। इसके अलावा संस्कार निर्माण शिविर के राष्ट्रीय संयोजक श्री राजेश बाफना, मुख्य प्रशिक्षक श्री सुधांशु चिंडालिया, महावीर सेवा सदन के संस्थापक अध्यक्ष श्री जसवंत सिंह मेहता, अध्यक्ष श्री विजय सिंह चोरड़िया, साउथ सभा के निवर्तमान अध्यक्ष श्री बिनोद कुमार चोरड़िया ने अपने विचार व्यक्त किए। स्थानीय शिविर संयोजक श्री नवीन दुगड़ ने शिविर की रिपोर्ट प्रस्तुत की। शिविरार्थी भावेश श्यामसुखा, सक्षम सेठिया, सिद्धान्त बागरेचा ने अपने अनुभव प्रस्तुत किए। महावीर सेवा सदन की महिला सदस्यों द्वारा भावना गीत को प्रस्तुति दी गई।
मुनि जिनेशकुमारजी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन में ज्योति पाने का अमोघ उपाय है- सुसंस्कार। सुसंस्कार से आत्मा परिमार्जित व संस्कारित होती है। संस्कार हमारे जीवन का धन व सुरक्षा कवच है। सुसंस्कार आत्मा की खुराक है। सुसंस्कारों के मक्खन से आत्मा को पौष्टिक आहार मिलता है। संस्कारों के संवर्धन का उपक्रम है शिविर। शिविर बच्चों के जीवन का सुनहरा अध्याय है, क्योंकि शिविर में विचारों की शुद्धि पर ध्यान दिया जाता है। बच्चे यहां से ग्रहण किए गए संस्कारों को आगे बढ़ाने का प्रयत्न करते रहें। मुनि कुणालकुमारजी ने गीत का संगान किया।
समापन समारोह में श्रेष्ठ शिविरार्थी सिद्धान्त बागरेचा, संस्कारी शिविरार्थी भावेश श्यामसुखा, अनुशासित शिविरार्थी वेदांत हीरावत, साधक शिविरार्थी उदित बोथरा, सजग शिविरार्थी जयंत राखेचा को व पन्द्रह उत्तम शिविरार्थियों को सभा द्वारा पुरस्कृत किया गया। शिविर के सभी बच्चों को सभा द्वारा प्रमाण पत्र आदि प्रदान किए गए।
इस दौरान महासभा के न्यासी श्री बाबूलाल बोथरा, सुप्रसिद्ध उद्योगपति श्री राधेश्याम गोयनका, महासभा के पूर्व प्रधान न्यासी श्री राजेन्द्र बच्छावत, श्री विनोद बागड़ोदिया व श्री राजीव सिंघी आदि अनेक गणमान्य व्यक्तियों के अलावा बृहत्तर कोलकाता की अनेक सभाओं के पदाधिकारी व श्रावक-श्राविकाएं अच्छी संख्या में उपस्थित थे। शिविर के मुख्य प्रशिक्षक उपासक श्री सुधांशु चिंडालिया, प्रशिक्षक उपासक श्री सुरेन्द्र सेठिया व उपासक श्री संजय पारख रहे।
कार्यक्रम का संचालन मुनि परमानंदजी व शिविर के संयोजक श्री विजय चौपड़ा ने किया। तेरापंथी सभा-साउथ कलकत्ता के पूर्व मंत्री श्री कमल कोचर ने आभार ज्ञापित किया। सभा द्वारा गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान किया गया।
🙏 संप्रसारक🙏
*जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा*

