Surendra Munot Associate Editor all india
Key line times
लाडनूं, कार्तिक कृष्णा अमावस्या। भगवान महावीर का महापरिनिर्वाण दिवस। तेरापंथ की राजधानी में विराजमान जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशमाधिशास्ता, भगवान महावीर के प्रतिनिधि, युगप्रधान अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी ने भगवान महावीर के जीवन वृत्तांतों का वर्णन करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धाप्रणति अर्पित की। साथ ही आचार्यश्री ने आध्यात्मिक दीप जलाने की मंगल प्रेरणा भी प्रदान की।
सोमवार को सुधर्मा सभा में उपस्थित चतुर्विध धर्मसंघ को महातपस्वी आचार्यश्री महाश्रमणजी ने पावन पाथेय प्रदान करते हुए कहा कि श्रमण भगवान महावीर ने अपने जीवन में बाईस परीषहों का प्रवेदन किया है। साधु के जीवन में परीषहों और कष्टों की बात स्वाभाविक होती है। भगवान महावीर के जीवन को जब हम देखते हैं, तो हमारी सामान्य और स्थूल भाषा में वे भीषण कष्ट हो सकते हैं, वास्तविक कष्ट भी हो सकते हैं, परंतु उन्होंने उन सभी परीषहों को समता से सहन किया।
आज कार्तिक की अमावस्या है, भगवान महावीर की परिनिर्वाण तिथि का दिन। एक ऐसी ज्योति मानो इस दुनिया में प्रकट हुई थी, और वह ज्योति आज की रात्रि में इस नश्वर संसार से विलीन हो गई, अमावस्या के अंधकार में मानो शांत हो गई। यह दुनिया का शाश्वत नियम और व्यवस्था है कि एक दिन इस शरीर और सांसारिक जीवन का समापन निश्चित होता है। संसार में समय-समय पर महापुरुष अवतरित होते रहते हैं।समय-समय पर इस धरा पर महापुरुषों का आगमन होता रहता है। जैन दर्शन के अनुसार भरत और ऐरावत क्षेत्र में काल-क्रम से चौबीस तीर्थंकर अवतरित होते हैं, किंतु जैन तीर्थंकरों की दृष्टि में विनाश का स्वरूप पूर्णतः अहिंसक है। संसार में युद्ध चलते हैं, जहां तलवार, गोली या हिंसा के बल पर पापियों को समाप्त किया जाता है, परंतु जैन दर्शन और साधु परंपरा का चिंतन कहता है—पाप से घृणा करो, पापी से नहीं। पापी भी एक चेतना युक्त प्राणी है। पापी का हृदय-परिवर्तन करके उसे धर्मी बना दो। जब पापी स्वयं धर्मी बन जाता है, तो पापी का अपने-आप विनाश हो जाता है। यही जैन तीर्थंकरों और अहिंसा का मूल संदेश है।
प्रभु वर्धमान में जन्म से पहले ही, गर्भावस्था में ही परम अनुकंपा और संयम का भाव जागृत हो गया था। उन्होंने सोचा कि मेरे हिलने-डुलने से मां को कष्ट न हो, इसलिए उन्होंने गर्भ में ही शरीर को पूर्ण स्थिर कर लिया मानो गर्भावस्था में ही कायोत्सर्ग का सफल प्रयोग कर लिया। वे ऐसे अनन्य मातृ-पितृ भक्त थे। उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक मेरे माता-पिता जीवित रहेंगे, तब तक मैं गृह-त्याग कर दीक्षा स्वीकार नहीं करूंगा। आज की संतानों को भी माता-पिता के प्रति ऐसी ही विनय और सेवा-भावना रखनी चाहिए। साथ ही आज के माता-पिता का भी यह कर्त्तव्य है कि यदि कोई संतान आत्म-कल्याण के लिए वैराग्य के मार्ग पर अग्रसर होना चाहे, तो वे उसमें बाधा न बनें, बल्कि सहर्ष धर्म-मार्ग हेतु आज्ञा प्रदान करें। भगवान महावीर ने माता-पिता के देवलोक गमन के उपरांत दीक्षा अंगीकार की और लगभग साढ़े बारह वर्षों तक कठोर तपस्या व साधना की। इस साधना की परिणति मोहनीय कर्म के क्षय और केवलज्ञान की उपलब्धि में हुई। इसके पश्चात लगभग तीस वर्षों तक भगवान महावीर ने जन-कल्याण हेतु धर्म-तीर्थ का प्रवर्तन किया। उनका कुल जीवन-काल बहत्तर वर्ष का रहा।
आचार्यश्री ने उपस्थित साधु-साध्वियों को पाथेय करते हुए कहा कि गुरु के पास कभी खाली हाथ नहीं जाना चाहिए। साध्वियां जब चौमासा करके गुरुकुलवास में लौटती हैं, तो वे बड़े परिश्रम से ओघा, पूंजनी, पात्री, चोलपट्टे आदि उपकरण भेंट में लाती हैं, जो संतों के भी बहुत काम आते हैं, परंतु सबसे उत्तम भेंट यह होगी कि साधु-साध्वियां अपने जीवन में वैरागियों का निर्माण करें और धर्मसंघ को सुयोग्य वैरागी समर्पित करें।
आचार्यश्री ने कृष्णा अमावस्या के सन्दर्भ में प्रेरणा प्रदान करते हुए कहा कि हमारे भीतर भी ज्ञान और संयम का यह दीप निरंतर प्रज्वलित रहना चाहिए। बाहर मिट्टी के दीपक जलें या न जलें, यदि आत्मा के भीतर सम्यक्त्व का दीपक जल गया तो वही सच्ची दीपावली है।

