KEY LINE TIMES/NIRMAL JAIN
मूर्ति अनावरण, शहीद परिवारों एवं प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौङ ने शहीद स्मारकों व मूर्ती के निर्माण की घोषणाए की ।
न्यूज । ग्राम पंचायत कलावतसर स्थित शौर्य मेमोरियल भवन में रविवार को शौर्य चक्र विजेता फ्लाइट लेफ्टिनेंट स्व. जगमाल सिंह राठौड़ की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर “एक शाम शौर्य चक्र विजेता के नाम” मूर्ति अनावरण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पचपदरा विधायक अरुण चौधरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, देशभक्त नागरिक, गौरव सेनानी, शहीद परिवार एवं गणमान्यजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने मूर्ती पर पुष्प अर्पण करते हुए शौर्य चक्र विजेता स्व. जगमाल सिंह राठौड़ के अदम्य साहस, वीरता, शौर्य एवं राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम संयोजक दिलीप शर्मा बलाऊजाटी ने बताया कि स्व. जगमाल सिंह जी राठौड़ का त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
*शहीद परिवारों का सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के शहीद परिवारों को सम्मानित कर उनके त्याग, बलिदान एवं राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त की गई। इसके साथ ही क्षेत्र की विभिन्न प्रतिभाओं, मेधावी छात्रों तथा हाल ही में राजकीय सेवाओं में चयनित युवाओं का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं गौरव सेनानियों का भी अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर आसपास गांवों से बड़ी संख्या में विशिष्टजन एवं गौरव सेनानी पहुंचे। आयोजक टीम ने कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने के लिए दूर-दराज से पहुंचे सभी अतिथियों, शहीद परिवारों, ग्रामीणों एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
*शहीद स्मारकों को लेकर विधायक ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं*
कार्यक्रम के दौरान मंच से शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने क्षेत्र के शहीद परिवारों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों को लेकर पचपदरा विधायक अरुण चौधरी की मौजूदगी में महत्वपूर्ण बातें रखीं। विधायक ने क्षेत्र के शहीदों की स्मृति में प्रस्तावित स्मारकों की अनुमति, स्वीकृति एवं बजट आवंटन को गंभीरता से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने क्षेत्र के छह शहीदों—बलाऊ सांसण के शहीद वासुदान चारण, कोरना के शहीद हेम सिंह राठौड़, पारलिया के शहीद भंवर सिंह राजपुरोहित, खिपली खेड़ा के शहीद मोटाराम गोदारा, रेवाड़ा के शहीद मंगल सिंह राणावत एवं तिरसिगड़ी के शहीद जगदीश सिंह राजपुरोहित के स्मारक निर्माण को विधायक मद से जल्द करवाने की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की।
विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने शहीद परिवारों को आश्वस्त किया कि स्मारकों के लिए आवश्यक मूर्तियों का निर्माण राजस्थान सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर के माध्यम से करवाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही जिन शहीदों के नाम पर विद्यालयों का नामकरण अभी तक नहीं हुआ है, उनके विद्यालयों का नामकरण शहीदों के नाम पर करवाने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही शहीदों के नाम पर राजस्व गांव बनाने तथा शौर्य चक्र विजेता जगमाल सिंह राठौड़ के नाम पर भी राजस्व गांव बनाने की मांग एवं प्रस्ताव को प्रमुखता से उठाया गया।
शहीद धन सिंह नेवरी के स्मारक का निर्माण अंतिम चरण में..
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि क्षेत्र के शहीद धन सिंह जी नेवरी के शहीद स्मारक का निर्माण अंतिम चरण में है। सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर के माध्यम से स्मारक के लिए मूर्ति का निर्माण करवाया जा चुका है। जल्द ही क्षेत्र का यह महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है।
नारायण सिंह राठौड़ एवं दिलीप शर्मा का विधायक ने जताया आभार
कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने तथा क्षेत्र के गौरव सेनानियों एवं शहीद परिवारों को एक मंच पर सम्मान देने के लिए शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने शौर्य चक्र विजेता स्व. जगमाल सिंह राठौड़ के सुपुत्र नारायण सिंह राठौड़ एवं कार्यक्रम संयोजक दिलीप शर्मा बलाऊजाटी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बालोतरा, जोधपुर, जालौर, शेरगढ़ से गणमान्य अतिथि पहुंचे। अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
आयोजन की हुई भूरी-भूरी प्रशंसा
“एक शाम शौर्य चक्र विजेता के नाम” कार्यक्रम में शहीद परिवारों का सम्मान, प्रतिभाओं का अभिनंदन एवं गौरव सेनानियों को एक मंच पर सम्मान देने की पहल की सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति एवं वीरता का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान की वीरभूमि की गौरवशाली परंपरा को अभिव्यक्त करते हुए पंक्तियां भी गूंजती रहीं—
“पग-पग सूरा देवली, पग-पग सतियाँ थान,
मन डरपे पग मेलतां, रंग है राजस्थान।”
आयोजकों ने कहा कि शौर्य चक्र विजेता स्व. जगमाल सिंह राठौड़ की पुण्यतिथि पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम क्षेत्र की नई पीढ़ी को वीरता, राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। शौर्य चक्र परिवार की ओर से नारायण सिंह राठौड़ ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों एवं टीम साथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल एक वीर योद्धा की पुण्यतिथि मनाना नहीं, बल्कि क्षेत्र के सभी शहीदों, पूर्व सैनिकों, गौरव सेनानियों एवं प्रतिभाओं को सम्मान देकर उनकी प्रेरणादायी गाथाओं को समाज और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने पहुंचे कोरना ठाकुर कर्नल मनोहर सिंह राठौङ , कल्याण सिंह मेड़तिया,निवर्तमान प्रधान श्रवण सिंह राजपुरोहित, भरत सिंह डोली, मांगीलाल गोदारा, मंगल सिंह सिराणा , तेजसिह , दिलीप सिंह , जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल बलदेव सिंह, कालू बन्ना बागावास , शहीद वेलफेयर सोसाइटी संस्थापक पर्वत सिंह भूंगरा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे ।

नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक पंकज यादव पहली बार पहुंचे बालेसर
शौर्य चक्र विजेता की पुण्यतिथि पर हुआ भव्य आयोजन 